
सारंगढ़ बिलाईगढ़ //कोसीर – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाठागांव (कोसीर) के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के तहत थाना कोसीर लाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे एवं पुलिस स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, कानून की सामान्य जानकारी तथा साइबर क्राइम से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि थाना स्तर पर शिकायत दर्ज करने से लेकर जांच प्रक्रिया तक किस प्रकार कार्य किया जाता है। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों—जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, फेक कॉल, ओटीपी ठगी और सोशल मीडिया दुरुपयोग—से सतर्क रहने के उपाय भी समझाए गए।

इस अवसर पर पुलिस की समाज में भूमिका और सकारात्मक छवि (इमेज) को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर प्रश्न पूछे, जिनका थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे ने सरल और स्पष्ट शब्दों में उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं को “अनुभव क्यूआर” के माध्यम से फीडबैक देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा पुलिस कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
![]()

