सारंगढ़ बिलाईगढ़//सहसपानी स्थित बालक आश्रम छात्रावास में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय जी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य छात्रावास की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना तथा बच्चों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पूर्व में छात्रावास अधीक्षक द्वारा वास्तविक संख्या से अधिक बच्चों की उपस्थिति दर्ज कर शासकीय राशि का गबन किया गया है। साथ ही विभाग द्वारा आवश्यकता से अधिक कंबल, मच्छरदानी एवं अन्य अनावश्यक सामग्री की खरीदी किया गया है। वर्तमान स्थिति की जांच में पाया गया कि छात्रावास में अभी केवल 18 बच्चे नियमित रूप से निवास कर रहे हैं और इन्हीं 18 बच्चों की ही उपस्थिति दर्ज की जा रही है। इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब उपस्थिति वास्तविक है, जो एक सकारात्मक संकेत है।
निरीक्षण में छात्रावास परिसर की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई तथा बच्चों का शैक्षणिक स्तर उनकी कक्षाओं के अनुरूप बताया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने छात्रावास प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, आवास और सुरक्षा से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा।

![]()

