सेवा मेरा योगदान’ से स्वच्छता की नई पहल, कोतरी में कचरा पृथक्करण और कम्पोस्टिंग का संदेश

खबर को शेयर करें

बिहान की दीदियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश, ग्रामीणों ने लिया स्वच्छ गांव का संकल्प

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 24 सितंबर 2026//सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गुरुवार को सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कोतरी स्थित व्यावसायिक परिसर में कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने और कचरे के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान की पहल ‘सेवा, मेरा योगदान’ के माध्यम से स्वच्छ और स्वस्थ गांव के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी को रेखांकित करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ग्रामीणों को गीले कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने, सूखे कचरे को अलग रखने तथा पुनः उपयोग एवं उचित निपटान योग्य कचरे की पहचान के बारे में जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत कोतरी में संचालित एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया गया कि क्षेत्र से वाहनों के माध्यम से एकत्रित सेप्टिक टैंक के अपशिष्ट का एफएसटीपी में वैज्ञानिक तरीके से उपचार किया जाता है। उपचारित अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान एवं उपयोग से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।
स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए बिहान की दीदियों द्वारा आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से घरों में गीला और सूखा कचरा अलग रखने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे के उचित प्रबंधन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता वॉलिंटियर बसंत भारती को स्वच्छता किट प्रदान की गई तथा उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर सारंगढ़ जनपद पंचायत सीईओ राधेश्याम नायक, नायब तहसीलदार प्रकाश पटेल, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक निमेश, संजू पटेल, ज्योति पटेल, ग्राम पंचायत कोतरी के सरपंच मथुरा गोस्वामी, जनप्रतिनिधि हरिनाथ खूंटे, जगन्नाथ केशरवानी, प्रकाश अग्रवाल, होतेश अजगल्ले, सौरभ सिंह ठाकुर, रामेश्वर पुरी गोस्वामी सहित ग्रामीणजन, महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में बिहान की दीदियां उपस्थित रहीं।

Loading