*शिकार के लिए खेत में बिछाया गया था 500 से 600 मीटर लंबा करंट प्रवाहित तार! एक सांभर का शव मौके पर मिला, दूसरे के अवशेष धान पैरा में छिपाए; आरोपियों की तलाश में वन विभाग की कार्रवाई तेज*

सारंगढ़ बिलाईगढ़ //जिला मुख्यालय से करीब 10 से 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम सोंडीका के जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार का गंभीर मामला सामने आया है। यहां खेत में कथित रूप से शिकार के उद्देश्य से बिछाए गए बिजली के करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो सांभर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मामले में वन विभाग ने तीन संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है, लेकिन तीनों मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोंडीका बस्ती से लगभग 500 से 600 मीटर दूर जंगल से लगे एक निजी खेत में लंबा बिजली का तार बिछाया गया था। आशंका है कि वन्यजीवों का शिकार करने के इरादे से खेत में करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान रात में दो सांभर वहां पहुंचे और करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने एक सांभर को मौके पर ही छोड़ दिया, जबकि दूसरे सांभर को काटकर उसके अवशेष छिपाने का प्रयास किया गया। दूसरे सांभर के दो पैर नाले के पास धान के पैरे में छिपाकर रखे गए थे। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद विभागीय अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

तीन आरोपियों की पहचान, तलाश जारी
वन विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तीन आरोपियों की पहचान हुई है। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही तीनों मौके से फरार हो गए। वन विभाग की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटनास्थल पर वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की मौजूदगी में मृत सांभर के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही मौके से मिले अवशेषों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

आरोपियों तक पहुंचने पहुंची डॉग स्क्वायड टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम के साथ डॉग जसी घटनास्थल पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि डॉग जसी पूर्व में अलग-अलग मामलों में आरोपियों का सुराग लगाने में नौ बार सफलता हासिल कर चुका है। अब इस मामले में भी डॉग जसी की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

*वन्यजीवों की सुरक्षा पर उठे सवाल*
एक ही घटना में दो सांभर की मौत ने क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि खेतों और जंगल के आसपास इस तरह खुले तारों में करंट प्रवाहित कर शिकार किया जा रहा है, तो इससे अन्य वन्यजीवों के साथ-साथ ग्रामीणों और मवेशियों की जान को भी खतरा हो सकता है। फिलहाल वन विभाग की जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
![]()

