▪️ प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद पटेल एवं शिक्षिका श्रीमती सुषमा पटेल को शिक्षा एवं साइबर जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया सम्मानित
▪️ विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान

सारंगढ़। बिलाईगढ़ //शिक्षक दिवस के अवसर पर थाना सारंगढ़ पुलिस द्वारा शिक्षा के साथ-साथ समाज में साइबर जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों का आत्मीय सम्मान किया गया। थाना प्रभारी सारंगढ़ प्रमोद यादव एवं PSI नेहा चंद्राकर ने शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री लक्ष्मी प्रसाद पटेल, प्राचार्य सेजेस स्कूल सारंगढ़, एवं श्रीमती सुषमा पटेल, शिक्षिका माध्यमिक शाला कुटेला, के निवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों तथा विद्यार्थियों एवं समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं दोनों शिक्षकों के बीच शिक्षा, समाज और वर्तमान समय की चुनौतियों को लेकर आत्मीय चर्चा हुई। चर्चा के दौरान थाना प्रभारी ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराध जन-जागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

श्री लक्ष्मी प्रसाद पटेल एवं श्रीमती सुषमा पटेल ने साइबर जागरूकता अभियान से जुड़कर विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने में सक्रिय सहयोग देने की बात कही।
शिक्षक श्री लक्ष्मी प्रसाद पटेल ने बताया कि वे पूर्व से ही विद्यार्थियों एवं अन्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करते रहे हैं। उन्होंने पुलिस के इस अभियान से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
शिक्षकों ने नागरिकों से की साइबर सुरक्षा की अपील
इस दौरान नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई कि—
▪️ किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, आधार नंबर, बैंक खाता संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
▪️ अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल को रिसीव करने से बचें और संदिग्ध कॉल/लिंक पर प्रतिक्रिया न दें।
▪️ किसी भी व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग संबंधी जानकारी या पैसे ट्रांसफर न करें।
▪️ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने अथवा संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सूचना दें।
श्री लक्ष्मी प्रसाद पटेल एवं श्रीमती सुषमा पटेल ने शिक्षक दिवस के अवसर पर किए गए आत्मीय सम्मान के लिए थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं PSI नेहा चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने के लिए और अधिक प्रेरित करेगा।
*थाना सारंगढ़ पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। सामूहिक जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से ही साइबर अपराधों से प्रभावी रूप से बचाव किया जा सकता है*
![]()

