जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एसपी ने की प्रेस वार्ता

खबर को शेयर करें

सारंगढ़बिलाईगढ़// जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिला पुलिस कार्यालय में पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मीडिया के सुझाव सुने और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।


प्रेस वार्ता में एसपी शर्मा ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों को संरक्षण देने वालों को भी किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बिना हेलमेट वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। ऐसे मामलों में नाबालिगों के साथ-साथ उनके अभिभावकों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि गांव-गांव पहुंचकर छोटे-छोटे अपराधों की जानकारी जुटाई जाएगी, जिनकी शिकायत अक्सर थानों तक नहीं पहुंचती और आगे चलकर बड़े अपराध का रूप ले लेती है। इसके लिए विशेष टीम गठित कर जनसहयोग से अपराधों पर नियंत्रण की रणनीति बनाई जाएगी। आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाने की अपील भी की गई।
प्रेस वार्ता के दौरान समाधान ऐप एवं अप्रवासी व्यक्तियों की जानकारी से संबंधित पुलिस ऐप की भी जानकारी दी गई। वहीं पत्रकारों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, मुसाफिरी सत्यापन, माइक्रो फाइनेंस कर्मचारियों की जांच, तेज रफ्तार एवं स्टंट करने वाले बाइक चालकों पर कार्रवाई, जुआ और अवैध शराब के खिलाफ अभियान, हेलमेट की अनिवार्यता तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने जैसे सुझाव दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी सुझावों पर गंभीरता से अमल करने का आश्वासन दिया।
प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *