आशीर्वाद के दीयों’ से जगमगाया सारंगढ़-बिलाईगढ़, सेवा संकल्प अभियान का हुआ भव्य शुभारंभ
खाड़ाबांध तालाब में हजारों दीपों का प्रज्ज्वलन, विधिवत मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ शुरू हुआ एक माह का अभियान

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 सितंबर 2026// सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। सारंगढ़ के ऐतिहासिक खाड़ाबांध तालाब में आयोजित मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधिवत मंत्रोच्चार एवं शंखनाद के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का आगाज किया गया। इस अवसर पर हजारों दीपों की रोशनी से खाड़ाबांध तालाब जगमगा उठा। हजारों नगरवासियों, माताओं, बहनों, दीदियों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता ने पूरे आयोजन को जनभागीदारी के उत्सव में बदल दिया।
राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य आयोजन में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इन 25 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करोड़ों नागरिकों के लिए यह अवसर सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व पटल पर विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश की विकास यात्रा में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी जनभागीदारी और सेवा के प्रति कृतज्ञता की भावना का प्रतीक है।

मुख्य आयोजन में दीपों की श्रृंखला के साथ खाड़ाबांध तालाब में 10 हजार से अधिक आटे के दीपों का प्रवाह भी किया गया। जल में प्रवाहित होते दीपों और तालाब परिसर में प्रज्ज्वलित हजारों दीपों ने सेवा, समर्पण और सामूहिक संकल्प का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने सेवा, सुशासन, जनकल्याण और ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प के साथ अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे एक माह जिले में संचालित होगा। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए गांव से शहर और शासकीय कार्यालयों से लेकर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक विस्तार दिया गया। जिले के विभिन्न विकासखंडों, नगरीय क्षेत्रों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, मंदिरों और अन्य प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। 49 अमृत सरोवर, 36 मंदिरों सहित चिन्हांकित सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया गया, जबकि चयनित 25 ग्रामों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्ज्वलन का लक्ष्य रखा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही परिवारों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियों तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों ने भी अपने घर-आंगन में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई।

सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम टिमरलगा में मां नाथलदाई मंदिर के समीप 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। बरमकेला विकासखंड के भिखमपुरा सपेरा बस्ती स्थित महादेव नगर में प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। केडार क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए, वहीं बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम रायकोना में अमृत सरोवर के समीप विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। नगरीय क्षेत्रों में अटल परिसर, भारत माता चौक, जयस्तंभ चौक सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय तथा अन्य शासकीय कार्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
सेवा संकल्प अभियान केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी एक माह तक सेवा, सुशासन, जनभागीदारी, नवाचार, जल संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। ‘सेवा-मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी पहलों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं एवं नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर ‘सेवा-मेरा योगदान’ की भावना को साकार किया।
इस अवसर पर श्री ज्योति पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, श्री सुभाष जलान, श्री मनोज मिश्रा, श्री भारत जटवार, श्री पुलकित चंद्र, श्री शमशेर सिंह, श्री टीकाराम पटेल, श्री रिंकू तिवारी, श्री अमित अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक, कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में माताएं, बहनें, दीदियां, युवा और आम नागरिक उपस्थित रहे।
खाड़ाबांध तालाब में एक साथ प्रज्ज्वलित हजारों दीपों की रोशनी ने यह संदेश दिया कि सेवा और विकास की यात्रा केवल शासन की नहीं, बल्कि समाज और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से आगे बढ़ती है। ‘आशीर्वाद का दीया’ के साथ शुरू हुआ यह अभियान आगामी एक माह तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प को नई ऊर्जा देगा।
![]()

