सारंगढ़-बिलाईगढ़* जिले के गोमर्दा अभ्यारण्य क्षेत्र में स्थित मौहाढोड़ा के पास लात नाला में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब 14 घंटे की तलाश के बाद बुधवार सुबह युवक का शव गहरे पानी में पेड़ के नीचे मिला। स्थानीय ग्रामीण तैराकों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी कनकबीरा क्षेत्र के ग्राम नरेश नगर के कुछ युवक मंगलवार सुबह पिकनिक मनाने लात नाला पहुंचे थे। इस दौरान कुछ युवक नहाने में व्यस्त थे, जबकि तीन-चार साथी खाना बनाने में लगे हुए थे। इसी बीच राकेश सिदार पिता बृजलाल सिदार, उम्र 22 वर्ष, नाले में नहाने चला गया।
बताया जा रहा है कि खाना बना रहे दोस्तों ने राकेश को नाले के किनारे स्थित जामुन के पेड़ पर चढ़ते हुए देखा था, लेकिन वह कब पानी में कूदा, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। कुछ देर बाद जब सभी साथी खाना खाने के लिए एकत्रित हुए तो राकेश वहां दिखाई नहीं दिया। इसके बाद दोस्तों ने आसपास आवाज लगाकर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
बताया जा रहा है कि राकेश मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था। काफी खोजबीन के बाद उसके साथी गांव लौटे और परिजनों तथा ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने टीम बनाकर मंगलवार से ही लात नाला और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू किया। देर रात तक खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना पुलिस चौकी कनकबीरा को भी दी गई।
बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान नाले में पेड़ के नीचे गहरे पानी में राकेश का शव दिखाई दिया। स्थानीय तैराक ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ भेज दिया है। घटना से मृतक के परिजनों और गांव में शोक की लहर है।
![]()

