जिले में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन।

खबर को शेयर करें

पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ में साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम, 500 से अधिक विद्यार्थी हुए जागरूक।

🔶सोशल मीडिया ध्यान भटकाने का एक बड़ा माध्यम, पढ़ाई के समय दूरी बनाए रखें: कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू

🔶किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने और न ही उसे डाउनलोड करने की अपील: एसपी सुनील शर्मा

🔶लालच में आकर या पैसे दोगुने होने के झांसे में अपनी निजी जानकारी साझा न करने पर जोर

सारंगढ़ बिलाईगढ़ //जिले के अग्रणी विद्यालय पीएम श्री स्कूल, सारंगढ़ में आज “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस, एसडीओपी सारंगढ़ श्री गोविंद दीवान, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा, एसडीएम सारंगढ़, जिला शिक्षा अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी से करना चाहिए। सोशल मीडिया ध्यान भटकाने का एक बड़ा माध्यम है, जिसके कारण हम किसी भी काम में एकाग्र नहीं हो पाते। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखें।

पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही उसे डाउनलोड करें। कोई भी ऐप केवल आधिकारिक माध्यम से ही डाउनलोड करें। उन्होंने यह भी अपील की कि अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय ने कहा कि किसी भी लालच में आकर या पैसे दोगुने होने के झांसे में अपनी निजी जानकारी, केवाईसी, यूपीआई पिन या ओटीपी किसी को न बताएँ।

*🔵साइबर ठगी के प्रमुख माध्यम🔵*
फर्जी लोन ऐप: आजकल मोबाइल ऐप स्टोर पर अवैध रूप से उपलब्ध कई फर्जी लोन ऐप बहुत कम समय में लोन देने का झांसा देते हैं। ये ऐप फोन का निजी डाटा चुरा लेते हैं। इसके बाद भारी ब्याज और पेनाल्टी लगाकर लोगों को ब्लैकमेल किया जाता है और उनकी आपत्तिजनक (मॉर्फ्ड) तस्वीरें रिश्तेदारों को भेजकर मानसिक प्रताड़ना दी जाती है।

मुफ्त ऑफर, कूपन और लॉटरी लिंक: त्योहारों या खास मौकों पर व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर “फ्री रिचार्ज”, “मुफ्त आईफोन” या “फेस्टिवल गिफ्ट वाउचर” जैसे लुभावने संदेश भेजे जाते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक करते ही फोन में मालवेयर इंस्टॉल हो जाता है और उपयोगकर्ता की निजी जानकारी चोरी हो जाती है।

फर्जी वेबसाइट और फिशिंग लिंक: बैंक, ई-कॉमर्स साइट या सरकारी पोर्टल की हूबहू नकल वाली वेबसाइटें बनाई जा रही हैं। जब उपयोगकर्ता इन पर लॉगिन या भुगतान करता है, तो उसका पासवर्ड और बैंक विवरण ठगों तक पहुँच जाता है, जिसके जरिए साइबर ठगी की जाती है।

फर्जी APK ऐप्स: लोगों से मालवेयर वाले ऐप डाउनलोड करवाए जाते हैं, जिससे फोन का पूरा नियंत्रण ठगों के हाथ में चला जाता है।

*🔵साइबर ठगी से बचाव के उपाय🔵*
व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारी साझा न करें: बैंक ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, नेट बैंकिंग पासवर्ड तथा क्रेडिट/डेबिट कार्ड नंबर कभी भी फोन, मैसेज या चैट पर किसी को न बताएँ। आधार कार्ड, पैन कार्ड या बैंक पासबुक की फोटो कॉपी भी बिना सोचे-समझे किसी अनजान व्यक्ति या ऐप को न दें।

संदिग्ध लिंक और ऐप से बचें: अनजान नंबर या ईमेल से आए लुभावने लिंक, जैसे लॉटरी, फ्री गिफ्ट, बिजली बिल भुगतान या केवाईसी अपडेट के लिंक पर क्लिक न करें। किसी भी फर्जी ऐप को डाउनलोड न करें।

डिजिटल भुगतान में सावधानी: क्यूआर कोड स्कैन करते समय या यूपीआई पिन डालने से पहले एक बार जरूर जाँच लें। रेलवे स्टेशन, मॉल या होटल जैसे स्थानों के खुले और असुरक्षित वाई-फाई पर ऑनलाइन बैंकिंग या यूपीआई लेन-देन न करें।

मजबूत पासवर्ड और सुरक्षा सेटिंग: ईमेल, सोशल मीडिया और नेट बैंकिंग जैसे सभी महत्वपूर्ण खातों के लिए अलग-अलग मजबूत पासवर्ड बनाएँ, जिनमें अक्षर, अंक और विशेष चिह्न शामिल हों। साथ ही टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन हमेशा चालू रखें।

*🔵साइबर ठगी का शिकार हो जाएँ तो क्या करें?🔵*

यदि आपके साथ कोई वित्तीय धोखाधड़ी हो जाए, तो बिना देर किए तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। जितनी जल्दी शिकायत दर्ज होगी, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।

*🔵500 से अधिक बच्चे हुए साइबर जागरूक🔵*

पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक और शिक्षिकाएँ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक हुए।

*🔵सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की अपील🔵*

सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, ऐप या लुभावने ऑफर के झांसे में न आएँ और अपनी निजी व बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन व यूपीआई पिन किसी को न बताएँ। साइबर ठगी होने पर घबराएँ नहीं और तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही अपने नजदीकी थाने में भी सूचना दें।

*सतर्क रहें, सुरक्षित रहें*

Loading