श्री रामगोपाल गर्ग पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज बिलासपुर,द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय

सारंगढ़-बिलाईगढ़ // जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर जिले की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग की समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा आमजन को बेहतर एवं संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने विभिन्न पुलिस पोर्टल एवं ऑनलाइन सिस्टम में की जाने वाली सभी प्रकार की प्रविष्टियों को समयबद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना स्तर पर अभिलेखों एवं ऑनलाइन रिकॉर्ड में समानता बनाए रखने तथा विभागीय कार्यों में तकनीकी प्रणालियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पुलिस महानिरीक्षक ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना क्षेत्रों में सतत निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस उपस्थिति तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी श्री सुनील शर्मा ने दिए तत्काल अनुपालन के निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करते हुए अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग एवं प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रियता से कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन, रिकॉर्ड एवं विभिन्न पुलिस पोर्टलों की प्रविष्टियों को दुरुस्त रखने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देने के लिए कहा।
पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देशों से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पुलिस बल में बेहतर कार्य करने के लिए नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार हुआ। अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को प्रभावी एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।

*बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल, एसडीओपी बिलाईगढ़ दीपिका मिंज, एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान एवं पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे*
![]()

