जिले में अवैध उत्खनन और फ्लाई ऐश डंपिंग पर जिपं अध्यक्ष ने दिए कड़े एक्शन के निर्देश…

खबर को शेयर करें

जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में समान्य सभा बैठक संपन्न…

सारंगढ़-बिलाईगढ़//जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सभागार में आज जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में सामान्य सभा की अति-महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। 13 अगस्त 2026 को आयोजित इस बैठक में अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की मौजूदगी में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 16वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत जिला पंचायत विकास कार्ययोजना, विकास निधि और जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) के अंतर्गत जारी विकास कार्यों की गहन समीक्षा कर सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। बैठक के दौरान जिले में स्वीकृत वैध-अवैध खदानों, रायल्टी राजस्व, गौण खनिज और रेत खदानों की अद्यतन स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
खनिज और पर्यावरण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने सख्त लहजे में अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और मनमाने तरीके से फ्लाई ऐश डंपिंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए और उनके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक व वैधानिक कार्रवाई की जाए।
बैठक में खनिज, रायल्टी और DMF जैसे मुख्य विषयों पर चर्चा होनी थी, लेकिन इसके बावजूद खनिज विभाग के जिम्मेदार अधिकारी के बैठक में उपस्थित न होने पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने गहरी नाराजगी जताई। अध्यक्ष ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जिला पंचायत की बैठकों से अधिकारियों का अनुपस्थित रहना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और यह एक गलत परंपरा है। अधिकारियों के गायब रहने से जनहित की योजनाओं और राजस्व की सही जानकारी सदन को नहीं मिल पाती। उन्होंने भविष्य में सभी अधिकारियों को बैठकों में पूरी तैयारी के साथ अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए।
*आज के बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय,जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक,जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी सभी जिला पंचायत सदस्य गण और विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारगण उपस्थित रहे*

Loading