जिले में31 प्रकरणो में ज़ब्त किए गए कुल 767.911 किलो गांजे का किया गया नष्टीकरण
*31 प्रकरणों में जप्त कुल 1,53,58,220 रू के. गांजे को जलाकर किया गया नष्ट*

सारंगढ़ बिलाईगढ़//नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत जिले के विभिन्न थानों एवं चौकियों से जब्त किए गए भारी मात्रा में अवैध गांजे का आज विधिवत नष्टीकरण किया गया। शासन के निर्देशों, माननीय न्यायालय के आदेश और गठित ‘जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति’ की उपस्थिति में इस पूरी सामग्री का निस्तारण किया गया। पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस अवैध गांजे को रायगढ़ स्थित एमपीएस स्टील एंड पावर प्लांट की भट्टी में जलाकर पूरी तरह से सुरक्षित माध्यम से नष्ट किया गया।

इस पूरी कार्यवाही के दौरान कुल 31 प्रकरणों में जब्त 767.911 किलोग्राम अवैध गांजे का सत्यापन करने के पश्चात विनष्टीकरण किया गया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 53 लाख 58 हजार 220 रुपये है। विगत 5 वर्षों में जिले भर में दर्ज कुल नष्टीकरण प्रकरणों में सबसे अधिक कार्यवाही थाना सरिया क्षेत्र में हुई, जहाँ 9 मामले दर्ज थे। वहीं दूसरे स्थान पर थाना बिलाईगढ़ रहा, जहाँ 5 मामले दर्ज किए गए थे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और खरीद-बिक्री में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने दोहराया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस जिले को पूरी तरह नशा-मुक्त बनाने और एक सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्पित है।
*गांजे के विनष्टीकरण की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा एवं सहायक उप-निरीक्षक श्री प्रीतम सिंह राजपूत मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उनकी देखरेख में वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए यह कार्य संपन्न हुआ*
![]()

