साइबर जागृति अभियान: पांचवें सप्ताह 62 स्थानों पर शिविर, 4513 से अधिक लोग हुए जागरूक।

खबर को शेयर करें

🔶नौकरी के नाम पर ठगी से रहें सावधान, सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने युवाओं और श्रमिकों को किया आगाह।

🔶साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान।

🔶साइबर ठगी हो जाए तो घबराएं नहीं, तुरंत डायल करें 1930।

🔶*फर्जी नियुक्ति पत्र और लोन ऐप से रहें दूर, रोजगार के लिए अपनाएं सरकारी माध्यम*

सारंगढ़ बिलाईगढ़ //छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देश पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के पांचवें सप्ताह (13 से 19 सितंबर 2026) में जिले भर में जागरूकता कार्यक्रम हुए। इस सप्ताह पुलिस ने विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र के युवाओं और श्रमिकों पर ध्यान दिया, क्योंकि साइबर ठग इन्हें आसानी से अपना शिकार बना रहे हैं।

सभी थानों, पुलिस चौकियों, दूरदराज के गांवों, स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और हाट-बाजारों सहित कुल 62 स्थानों पर जागरूकता शिविर लगाए गए। इनमें 4513 से अधिक लोगों को साइबर अपराधियों के बदलते तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

🔵 *ठगी के ये तरीके याद रखें*
पुलिस टीमों ने बताया कि ठग बेरोजगारी और आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर लोगों को फंसाते हैं। शिविरों में इन बातों पर खास चर्चा हुई:

फर्जी नौकरी का झांसा: नामी कंपनियों के नाम से नकली लेटरहेड और ईमेल बनाकर नियुक्ति पत्र भेजे जाते हैं और “रजिस्ट्रेशन फीस” या “ट्रेनिंग शुल्क” के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं।

तुरंत लोन ऐप का जाल: पैसों की जरूरत के समय अवैध लोन ऐप मोबाइल का पूरा डेटा (फोटो, कॉन्टैक्ट, गैलरी) चुरा लेते हैं और बाद में ब्लैकमेल करते हैं।

OTP, QR कोड और UPI ठगी: “पैसा पाने के लिए QR स्कैन करें” या “OTP बताइए” कहकर बैंक खाता खाली कर दिया जाता है। याद रखें, पैसा पाने के लिए न PIN डालना पड़ता है, न QR स्कैन करना पड़ता है।

KYC और फर्जी लिंक: “खाता बंद हो जाएगा” जैसे डराने वाले संदेश भेजकर नकली लिंक पर जानकारी भरवाई जाती है।

🔵*अपने मोबाइल को ऐसे रखें सुरक्षित*
OTP, PIN, पासवर्ड और CVV किसी को न बताएं, चाहे वह खुद को बैंक या पुलिस का अधिकारी बताए।
लोन ऐप केवल अधिकृत ऐप स्टोर से और भरोसेमंद संस्था का ही डाउनलोड करें। ऐप को कॉन्टैक्ट और गैलरी की अनुमति न दें। अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें, चाहे वह व्हाट्सएप पर किसी परिचित के नाम से ही क्यों न आई हो। साथ ही, नौकरी का ऑफर मिलने पर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से उसकी पुष्टि जरूर करें।

🔵*रोजगार के लिए अपनाएं ये सही रास्ते*
पुलिस ने युवाओं और श्रमिकों से अपील की है कि आकर्षक ऑनलाइन विज्ञापनों के झांसे में न आएं और रोजगार के लिए केवल सरकारी मान्यता प्राप्त माध्यमों को ही अपनाएं:
रोजगार कार्यालय के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराएं और सरकारी व निजी क्षेत्र की वैध नौकरियों की सही जानकारी पाएं।

कौशल उन्नयन योजनाओं से जुड़कर तकनीकी हुनर सीखें और प्रतिष्ठित संस्थानों में सुरक्षित रोजगार पाएं।
रोजगार मेलों और श्रम विभाग के शिविरों में भाग लें, जहां चयन पारदर्शी तरीके से होता है।

🔵*ठगी हो जाए तो क्या करें*
तुरंत 1930 पर कॉल करें। जितनी जल्दी शिकायत होगी, पैसा रुकने की संभावना उतनी अधिक होगी।
ऑनलाइन शिकायत cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है।
लेन-देन का स्क्रीनशॉट, मैसेज, कॉल नंबर और बैंक की जानकारी संभालकर रखें।
अपने बैंक को सूचना देकर खाता या कार्ड ब्लॉक करवाएं।

🔵 *पुलिस की अपील: “सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें”*

*सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि नौकरी के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाने या साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें, या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं*।

Loading